"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ में रजिस्ट्री हुई “स्मार्ट”, नवा रायपुर में देश का पहला अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय शुरू

KPN24:- आम जनता की सुविधाओं को ध्मुयान में रखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दूरदर्शी नेतृत्व और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की पहल पर नवा रायपुर के अटल नगर में देश के पहले अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का शुभारंभ हुआ।

इस कार्यालय का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस दौरान रायपुर की नागरिक श्रीमती वीणा देवांगन ने अपनी सेल डीड का पंजीयन कराकर और कैशलेस भुगतान कर इस नई व्यवस्था का अनुभव लिया। उनकी रजिस्ट्री उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति में प्रदर्शित की गई।

पीपीपी मॉडल पर आधारित – तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक रजिस्ट्री

यह कार्यालय पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर तैयार किया गया है। अब मकान, दुकान या जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए नागरिकों को भीड़-भाड़ वाले सरकारी दफ्तरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। केवल 12 से 15 मिनट में पासपोर्ट एवं एयरपोर्ट जैसे आधुनिक माहौल में नागरिक अपनी रजिस्ट्री पूरी करा सकेंगे।

अत्याधुनिक सुविधाएँ – नागरिकों को मिलेगा बेहतर अनुभव

स्मार्ट पंजीयन कार्यालय में नागरिकों की सुविधा के लिए अनेक विश्वस्तरीय व्यवस्थाएँ की गई हैं –

वातानुकूलित एवं आधुनिक परिसर

फ्री वाई-फाई एवं चार्जिंग स्टेशन

क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड

प्रशिक्षित हेल्पडेस्क स्टाफ

कैशलेस भुगतान सुविधा

स्वच्छ पेयजल एवं एयरपोर्ट-स्टाइल वाशरूम

इन सुविधाओं से रजिस्ट्री प्रक्रिया अब पहले से कहीं अधिक सहज, तेज और पारदर्शी होगी।

117 पंजीयन कार्यालय होंगे स्मार्ट

छत्तीसगढ़ सरकार ने घोषणा की है कि आने वाले एक वर्ष में प्रदेश के सभी 117 पंजीयन कार्यालयों को स्मार्ट बनाया जाएगा। प्रथम चरण में 10 कार्यालयों को विकसित किया जा रहा है, जिनमें नवा रायपुर का कार्यालय पूरी तरह तैयार होकर संचालन में आ चुका है। इस मॉडल की सफलता को देखते हुए भारत सरकार भी देशभर में इसे लागू करने पर विचार कर रही है।

सुशासन और नागरिक सुविधा का नया अध्याय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्मार्ट पंजीयन कार्यालय छत्तीसगढ़ में सुशासन और नागरिक सेवाओं के नए युग की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि “नागरिक सुविधा ही सुशासन का मूल आधार है और यह पहल प्रदेश को कल्याणकारी राज्य के रूप में और अधिक सशक्त बनाएगी।”

दोनों उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल पूरे देश में नागरिक सेवाओं का नया मॉडल है। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालय में इतनी अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होना छत्तीसगढ़ में हो रहे बदलाव और सुशासन की नई दिशा को दर्शाता है।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नागरिक सेवाएँ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। स्मार्ट पंजीयन कार्यालय इसी प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम है। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ न केवल पंजीयन सेवाओं में बल्कि अन्य नागरिक सेवाओं में भी देश का नेतृत्व करेगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More