
KPN24 :- बिजली की अचानक कटौती और विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण सिलादेही और बिर्रा का दशहरा महोत्सव फीका पड़ गया। ग्रामवासी और उत्सव देखने आए दर्शक अंधेरे में कार्यक्रम का आनंद नहीं ले पाए।
विद्युत मंडल बम्हनीडीह के अंतर्गत विद्युत वितरण केंद्र बिर्रा में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उदासीनता के कारण 5 अक्टूबर को सिलादेही और 6 अक्टूबर को बिर्रा में आयोजित दशहरा महोत्सव बिजली गुल रहने से प्रभावित हुआ। इसके चलते दर्शक और ग्रामवासी काफी मायूस नजर आए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से बिजली की अनियमितता से उपभोक्ता परेशान हैं। बिर्रा सब स्टेशन से जुड़े सिलादेही, बिर्रा, बसंतपुर, देवरहा, डभराखुर्द, बनडभरा, घिवरा, देवरानी, गतवा, बोरसी, तालदेवरी, चौरहादेवरी सहित कई गांव अघोषित बिजली कटौती का शिकार हो रहे हैं। दशहरा उत्सव के दौरान इन गांवों में बिजली न होने के कारण रावण दहन और मेले का आनंद प्रभावित हुआ।
विद्युत विभाग की लापरवाही पर बिर्रा अंचल के प्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और स्थानीय नेता भी मौन रहे। इसके चलते विद्युत उपभोक्ताओं और दर्शकों को अंधेरे में समय बिताना पड़ा।
हालांकि, जूनियर इंजीनियर गोकुल देवांगन ने बताया कि 33 केवी लाइन में खराबी आने के कारण बिजली व्यवस्था बाधित हुई थी। फॉल्ट का पता चल गया है और शीघ्र ही उसे सुधार कर विद्युत चालू कर दिया जाएगा।
उपभोक्ताओं ने जिला कलेक्टर और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से बिजली व्यवस्था शीघ्र बहाल करने की मांग की है।










