
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा के लीला मंडली चौक निवासी शिक्षक बुद्धेश्वर कुमार कश्यप ने अपने जन्मदिन के शुभ अवसर पर शिक्षण कार्य को आधुनिक स्वरूप देने की अनोखी पहल की है। उन्होंने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सलिहाघाट, जहाँ वे पदस्थ हैं, में अपने व्यक्तिगत खर्च से फ्री डिश टीवी का पूरा सेट लगवाया है।
शिक्षक बुद्धेश्वर कश्यप ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को डिजिटल माध्यम से जोड़ना, पढ़ाई को रुचिकर बनाना और शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना है। टीवी के माध्यम से बच्चों को समय-समय पर प्रेरणादायक चलचित्र, ‘परीक्षा पे चर्चा’, समाचार वाचन तथा विभिन्न शैक्षणिक चैनलों से संबंधित कार्यक्रम दिखाए जाएंगे, जिससे बच्चों को व्यापक ज्ञान प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि नियमित रूप से प्रार्थना के समय देश-विदेश की ताज़ा खबरें बच्चों को बताई जाती हैं, जिससे उनकी सामान्य जानकारी और जिज्ञासा दोनों बढ़ती हैं। इस पहल से बच्चे उत्साहपूर्वक सीखने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
ग्राम पंचायत सालिहाघाट के सरपंच सियाराम पटेल, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री राम पटेल, शाला के प्रभारी प्राचार्य अभय कुमार पांडेय सहित समस्त शिक्षक स्टाफ ने शिक्षक बुद्धेश्वर कश्यप को उनके जन्मदिन पर इस प्रेरणादायक कार्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।










