
KPN24 :- मुख्यमंत्री निवास कार्यालय का माहौल आत्मीयता और सौहार्द से भरा रहा, जब पंजाब सरकार के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुण्डियन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की।
इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने मुख्यमंत्री श्री साय को सिख धर्म के 9वें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन गुरु तेग बहादुर जी के अमर बलिदान और मानवता, एकता तथा धार्मिक सहिष्णुता के उनके संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास है। इस कार्यक्रम में देशभर से श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं विभिन्न राज्यों के गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए पंजाब सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का जीवन त्याग, सत्य और मानवता की रक्षा के सर्वोच्च आदर्शों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनका बलिदान केवल सिख समाज के लिए नहीं, बल्कि समूची मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने गुरु तेग बहादुर जी के उपदेशों को आज के समाज में प्रासंगिक बताते हुए कहा कि “धर्म और सच्चाई के मार्ग पर चलने का साहस ही इंसानियत की असली पहचान है।”
उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएँ दीं और दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में भी चर्चा की।










