"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जिले में 15 नवम्बर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी ,धान खरीदी केन्द्रों में समय पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

KPN24:- छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवम्बर से प्रारंभ होगी। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान उपार्जन की पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज जिले के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों – करनौद, बिर्रा, केरा, खरौद एवं पामगढ़ का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केन्द्रों में की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ड्रेनेज, बारदाना की उपलब्धता, टोकन वितरण प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, फेंसिंग एवं साफ-सफाई की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं 15 नवम्बर से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं ताकि खरीदी कार्य प्रारंभ होते ही किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप धान खरीदी प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। अतः सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और खरीदी कार्य को व्यवधानरहित एवं पारदर्शी तरीके से संपादित करें। उन्होंने कहा कि किसान हित सर्वोपरि है, इसलिए खरीदी केन्द्रों में टोकन वितरण से लेकर तौल प्रक्रिया तक सभी चरणों में पारदर्शिता एवं तत्परता बनाए रखना आवश्यक है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब सहन नहीं किया जाएगा। किसानों को सुगम, सुविधाजनक और भरोसेमंद व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खरीदी सीजन के दौरान नियमित निरीक्षण करते रहें, ताकि किसी भी समस्या का समाधान तत्काल किया जा सके।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More