
KPN24:- सक्ती जिले के अड़भार में गौमाता के अवैध वध और गौमांस की खुलेआम बिक्री की खबर ने पूरे क्षेत्र में सनसनी मचा दी है। क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा गौमांस को मात्र सौ रुपए किलो में बेचने की सूचना सामने आई है। इस घृणित कृत्य की जानकारी मिलते ही गौसेवकों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घटना स्थल पर अपने एक सदस्य को भेजा।
सूत्रों के अनुसार, मौके पर पहुंचे गौसेवक ने वहां से गौमांस का नमूना लेकर लौटकर अपने साथियों को दिखाया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि इलाके में गौवध और गौमांस बिक्री का घिनौना कारोबार चल रहा है।
गौरक्षा संगठन के प्रमुख विश्वास सराफ ने प्रशासन को कठोर शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि—
“गौमाता हमारे धर्म और संस्कृति की आत्मा हैं। यदि प्रशासन तुरंत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं करता, तो हम सब गौसेवक सड़क पर उतरकर चक्काजाम करेंगे और एक बड़े आंदोलन की शुरुआत करेंगे।”
गौसेवकों ने यह भी आरोप लगाया है कि क्षेत्र में गौवध का यह नेटवर्क काफी समय से सक्रिय है, लेकिन स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता के कारण इन पर अंकुश नहीं लग पाया है। लोगों का कहना है कि यदि अब भी कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला पूरे जिले में जनआक्रोश का रूप ले लेगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि अड़भार क्षेत्र में तुरंत छापामार कार्रवाई की जाए और इस अवैध कार्य में लिप्त लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी घृणित हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके।
गौरक्षा दल के सदस्यों का कहना है कि वे अब केवल “आश्वासन” से संतुष्ट नहीं होंगे। यदि दोषियों को गिरफ्तार कर दंडित नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में जिला मुख्यालय से लेकर राजधानी तक यह आंदोलन उग्र रूप ले सकता है।










