
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले की सायबर टीम और थाना जांजगीर पुलिस ने मिलकर एक ऐसी घटना का खुलासा किया है जिसमें आरोपी ने रात के समय सड़क पर कार को रोककर खिलौने जैसी पिस्टल दिखाते हुए परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास किया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, व्यापारी महेन्द्र मित्तल निवासी जांजगीर दिनांक 26 अक्टूबर 2025 की रात्रि अपने परिवार के साथ रानीसती मंदिर लछनपुर से कार में घर लौट रहे थे। जब वे खोखसा ओवरब्रिज के पास लगभग 9:05 बजे पहुंचे, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने उनकी कार को ओवरटेक कर सामने रोक दिया। आरोपी ने वाहन के सामने खिलौने जैसा पिस्टल लहराते हुए डराने का प्रयास किया। भयभीत होकर व्यापारी ने आसपास के लोगों को आवाज दी, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सायबर टीम प्रभारी सागर पाठक के नेतृत्व में थाना जांजगीर पुलिस एवं सायबर टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी कन्हैया कश्यप (उम्र 25 वर्ष), निवासी चण्डीपारा, पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक खिलौना पिस्टल, एक बटनदार चाकू तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ धारा 162(2) BNS एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय थाना प्रभारी जांजगीर, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश राठौर, आरक्षक विनोद राठौर एवं सायबर टीम की भूमिका सराहनीय रही।










