
KPN24 :- कृषि प्रधान जिले जांजगीर-चांपा के बहेराडीह गांव स्थित देश के प्रथम किसान स्कूल में 10 दिसंबर को राज्य स्तरीय भाजी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में प्रदेशभर की सैकड़ों महिला किसान शामिल होंगी और विविध प्रकार की ताज़ा हरी भाजियों के साथ भाजी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम को लेकर किसानों और महिला समूहों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव ने बताया कि जैविक कृषि ग्राम बहेराडीह में स्थित यह किसान स्कूल वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू के नाम से संचालित है। यहां प्रतिवर्ष जैविक खेती, पारंपरिक फसलों एवं ग्रामीण नवाचारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी कड़ी में 10 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से राज्य स्तरीय भाजी महोत्सव का आयोजन होगा।
कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिला किसान ताज़ा हरी भाजियों की विभिन्न किस्में लेकर पहुंचेंगी। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय सहित सात महिला किसानों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को “भाजी दीदी” के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
चेच भाजी और अमारी भाजी के रेशे से तैयार कपड़ा रहेगा आकर्षण का केंद्र
किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव ने बताया कि महोत्सव में प्रगतिशील किसान एवं केंद्रीय रेशम बोर्ड—तसर अनुसंधान एवं वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के सलाहकार रामाधार देवांगन द्वारा तैयार चेच भाजी और अमारी भाजी के रेशे से निर्मित कपड़े की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। यह नवाचार राज्य में पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित होगा।
इसी के साथ बिहान से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा भाजी से बने विभिन्न चूर्ण/पाउडर, बड़ी, पापड़, बीजोड़ी एवं अन्य स्थानीय उत्पादों का स्टॉल भी लगाया जाएगा। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दृष्टि से यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भाजी महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह व्याप्त है और किसान स्कूल परिसर में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।










