
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने 15 नवम्बर से शुरू हुई समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए पारदर्शिता, नियमित मॉनिटरिंग और सख्त निगरानी को सर्वोच्च प्राथमिकता माना।
कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण नियमित रूप से हो तथा किसानों की सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी कार्रवाई और दूसरे जिलों/राज्यों से धान की अवैध खरीदी, भंडारण एवं परिवहन पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए।
जनजागरूकता शिविर करने के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि योजना को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि खरीद प्रक्रियाएं जेम पोर्टल के माध्यम से ही निर्धारित नियमों के अनुरूप की जाएं। किसी भी प्रकार की ऑफलाइन खरीदी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
छात्रवृत्ति, पेंशन और शिक्षा से जुड़े निर्देश
कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग को लंबित छात्रवृत्ति प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का आधार सीडिंग कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए।
स्कूल शिक्षा विभाग को
अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने,
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग,
प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु विशेष कक्षाएं एवं मार्गदर्शन सत्र संचालित करने के निर्देश दिए।
रोजगार मेला, आजीविका मेला आयोजित करने के निर्देश
युवाओं को रोजगार अवसर उपलब्ध कराने हेतु जिले में रोजगार मेला और आजीविका मेला आयोजित किए जाएंगे।
वय वंदना योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ बिना बाधा मिले।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर कलेक्टर सख्त
स्वास्थ्य विभाग और सीजीएमएससी को सभी निर्माणाधीन कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
जिले में सड़क मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को भी कहा गया। नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों को सामुदायिक शौचालयों के नियमित संचालन एवं साफ-सफाई के सख्त निर्देश जारी किए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










