"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री गोंड युवक-युवती परिचय सम्मेलन में हुए शामिल गोंड समाज को सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों हेतु 05 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा

KPN24 :- मुख्यमंत्री आज राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित गोंडवाना भवन में छत्तीसगढ़ गोंड समाज कल्याण समिति द्वारा आयोजित गोंड युवक-युवती परिचय सम्मेलन में शामिल हुए। पारंपरिक जनजातीय रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने भगवान बूढ़ादेव का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा गोंड समाज को सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 05 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम द्वारा लिखित पुस्तकों— “आदिवासी ऐतिहासिक निरंतरता से वर्तमान चुनौतियों तक” तथा “विरासत का सम्मान : वैश्विक दृष्टिकोण पर सवाल” का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने संबोधन में कहा कि गोंड समाज का इतिहास समृद्ध और गौरवशाली रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजातीय समाज के हितों के प्रति संवेदनशील हैं और पीएम जनमन तथा प्रधानमंत्री धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना जैसी पहलें जनजातीय समुदाय के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित कर रही हैं। विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए भी सरकार द्वारा कई महत्त्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय नायकों के गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से नया रायपुर स्थित जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण करने का आग्रह किया और कहा कि जनजातीय वीरों की संघर्षगाथाओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक वहाँ स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवक-युवती परिचय सम्मेलन जैसे आयोजन समाज को जोड़ने और भावी पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए समिति को शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम ने गोंड समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और समुदाय की उपलब्धियों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि डबल-इंजन की सरकार में जनजातीय समाज के हितों और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ बड़े पैमाने पर जनजातीय समुदाय तक पहुँच रहा है। उन्होंने समाज को एकजुट होकर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गोंड समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष जग्गू सिंह, उपाध्यक्ष किशोर ध्रुव, सेवाराम ध्रुव, हरि सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More