"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री श्री साय ने महिला कबड्डी विश्व कप की स्टार खिलाड़ी संजू देवी को दी बधाई

 

KPN24 :- महिला कबड्डी विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित करने वाली स्टार खिलाड़ी संजू देवी ने आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने संजू देवी को विश्व कप में शानदार प्रदर्शन और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) का खिताब हासिल करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि—
“आपने महिला शक्ति और खेल प्रतिभा की एक अद्भुत मिसाल प्रस्तुत की है। आपकी उपलब्धि से प्रदेश की बेटियाँ खेल जगत में और अधिक उत्साह और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगी। यह सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करने का कार्य करेगी।”

भेंट के दौरान संजू देवी ने अपने खेल करियर की संघर्षपूर्ण यात्रा, अनुभव और आगामी लक्ष्यों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।

कोरबा जिले का बढ़ा मान
उल्लेखनीय है कि संजू देवी जिला कोरबा के ग्राम केराकछार की निवासी हैं। उन्होंने 17 से 24 नवंबर तक ढाका (बांग्लादेश) में आयोजित महिला कबड्डी विश्व कप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए MVP का खिताब जीता और भारत को विजय दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पदाधिकारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोषाध्यक्ष सेवा राम साहू, पूर्व कोच अनुज प्रताप सिंह, वर्तमान कोच दिल कुमार राठौर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More