
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर नकेल कसने प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य विभाग, राजस्व विभाग एवं मंडी प्रबंधन की संयुक्त टीम ने आज छापेमारी की।
जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि विकासखंड बलौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत जर्वे में स्थित यादव ब्रदर्स (प्रो. मणिशंकर यादव) के गोदाम में दबिश के दौरान 1700 बोरी धान (680 क्विंटल) अवैध रूप से संग्रहीत पाया गया, जिसे तुरंत जप्त कर लिया गया।
इसी क्रम में धान परिवहन कर रही दो गाड़ियों को भी रोका गया—
गाड़ी क्रमांक CG11 AY 6965 (Mahindra FURIA 14) से 170 बोरी धान (68 क्विंटल)
गाड़ी क्रमांक CG11 BH 3402 (Eicher EUTECH 6K Pro 2114XP) से 219 बोरी धान (87.60 क्विंटल)
इस प्रकार कार्रवाई में कुल 835.60 क्विंटल धान तथा 2 वाहनों को अवैध भंडारण एवं परिवहन के आरोप में जप्त किया गया है। आगे की कार्रवाई मंडी अधिनियम एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत की जा रही है।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि “धान खरीदी प्रणाली को प्रभावित करने वाले कोचियों और बिचौलियों पर इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”










