
धान खरीदी को आसान बनाने की दिशा में राज्य सरकार का बड़ा निर्णय
KPN24 :- प्रदेश के किसानों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए राज्य सरकार ने धान विक्रय प्रक्रिया को और अधिक सहज बना दिया है। अब तूहर टोकन ऐप को 24 घंटे, सातों दिन (24×7) के लिए खोल दिया गया है। इससे किसानों को टोकन काटने के लिए किसी निर्धारित समय की बाध्यता नहीं रहेगी और वे अपनी सुविधा के अनुसार दिन-रात कभी भी टोकन बुक कर सकेंगे।
सरकार के इस निर्णय से धान विक्रय की योजना बनाना किसानों के लिए आसान होगा। नई व्यवस्था के तहत किसान 13 जनवरी तक आगामी 20 दिनों के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इससे टोकन लेने में होने वाली भीड़, तकनीकी दबाव और असुविधाओं से राहत मिलेगी।
इसके साथ ही 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों के लिए विशेष राहत देते हुए राज्य सरकार ने टोकन लेने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 तक बढ़ा दी है। यह सुविधा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर लघु एवं सीमांत किसानों के हित में उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा—
“किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। अब किसान बिना किसी दबाव के अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों के लिए टोकन की अतिरिक्त समय-सीमा वास्तविक राहत प्रदान करेगी। राज्य सरकार किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।”










