
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में चौराभांठा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में पाई गई गंभीर लापरवाही के मामले में कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़े इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर त्वरित कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौराभांठा की प्रधान पाठक श्रीमती किरणलता शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच एवं समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि मध्यान्ह भोजन संचालन में निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था।
मामले में कार्रवाई करते हुए विद्यालय में मध्यान्ह भोजन संचालन कर रहे राहुल महिला स्व-सहायता समूह को कार्य से पृथक कर दिया गया है तथा उसके स्थान पर अन्य पात्र महिला स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं पर्यवेक्षण स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित मध्यान्ह भोजन प्रभारी जगेश्वर सिंह (शिक्षक एल.बी., शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चौराभांठा) की असंचयी प्रभाव से दो वेतनवृद्धि रोकने के आदेश संयुक्त संचालक शिक्षा द्वारा जारी किए गए हैं।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मध्यान्ह भोजन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी विद्यालयों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए सतत निरीक्षण एवं निगरानी के निर्देश दिए हैं।










