"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जनादेश परब: विश्वास, गौरव, निर्माण :- विभागीय स्टॉल बनेंगे आकर्षण का केंद्र, जनकल्याणकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी

KPN24:- छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “जनादेश परब: विश्वास, गौरव, निर्माण” के अंतर्गत 22 दिसंबर को जांजगीर में विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।

इस अवसर पर राज्य सरकार के दो वर्षों की निरंतर सेवा, सुशासन और विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने हेतु विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक और जानकारीपरक स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के स्टॉल में पीएम सूर्यघर योजना सहित विद्युत विभाग की प्रमुख योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जाएगी। वहीं कृषि विभाग के स्टॉल में किसान सम्मान निधि, हितग्राही मूलक योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे किसान सीधे योजनाओं की प्रक्रिया और लाभ को समझ सकें।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में डिजिटल एवं नवाचारी शिक्षा की झलक देखने को मिलेगी। आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, पीएम एवं विद्या योजनाओं के माध्यम से “स्मार्ट स्कूल – सशक्त छात्र – उज्ज्वल भविष्य” की अवधारणा को साकार करने के प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में महतारी वंदन योजना, महिला सशक्तिकरण, सुपोषण अभियान एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं जल संसाधन विभाग द्वारा सिंचाई योजनाओं और जल प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की जाएंगी।

इसके अतिरिक्त, मत्स्य पालन विभाग द्वारा मत्स्य उत्पादन, रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। सहकारिता विभाग द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया को समझाने हेतु एक विशेष मॉडल प्रदर्शित किया जाएगा, जो किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

जनादेश परब के अंतर्गत विभिन्न अन्य विभागों द्वारा भी स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी। यह आयोजन शासन और जनता के बीच विश्वास, गौरव और निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More