
मनीष विद्यार्थी खरगोन।
KPN24:- वनग्राम वड़ीया में हाल ही में हुई आगजनी की दर्दनाक घटना के बाद पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने विधायक केदार डावर रविवार को मौके पर पहुंचे। इस हादसे में विजय, सूरसिंह और कमला के मकान अज्ञात कारणों से लगी आग में पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
विधायक डावर ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और शासन स्तर से हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके से ही एसडीएम से फोन पर चर्चा कर आगजनी से हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे कराने और पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
मकानों का निरीक्षण करते हुए विधायक ने कहा कि आगजनी से परिवारों की वर्षों की मेहनत पल भर में नष्ट हो गई है। इस संबंध में वे कलेक्टर को पत्र लिखकर आर्थिक सहायता की मांग भी करेंगे।
बताया गया कि इस आगजनी की घटना में अनाज, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, बिस्तर, खाने-पीने की सामग्री सहित समस्त घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे परिवार गंभीर संकट में हैं। विधायक ने कहा कि पीड़ितों को हर हाल में न्यायोचित सहायता मिलनी चाहिए।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत जायसवाल, रुमला चौहान, निमसिंह खोड़े, जाडला पटेल, छगन मेम्बर, इनेश खोड़े, विजय खोड़े सहित पीड़ित परिवारों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










