"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

23 से 25 दिसंबर तक राज्य युवा महोत्सव का आयोजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ, 14 विधाओं में 3000 युवा दिखाएंगे प्रतिभा

KPN24:- छत्तीसगढ़ राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 23 से 25 दिसंबर तक बिलासपुर स्थित राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में राज्य युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

महोत्सव का शुभारंभ 23 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेशभर से लगभग 3000 युवा प्रतिभागी 14 सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे।

कार्यक्रम में केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, 25 दिसंबर को आयोजित समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की होगी लॉन्चिंग
राज्य युवा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर छत्तीसगढ़ की मेजबानी में होने वाले पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की भी औपचारिक लॉन्चिंग की जाएगी, जो राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

14 विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं
राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 के परिप्रेक्ष्य में आयोजित इस राज्य स्तरीय महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को निखारना और राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिताएं 8 दलीय और 6 एकल विधाओं में आयोजित होंगी।

दलीय विधाएं—
लोकनृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोकगीत, रॉक बैंड एवं एकांकी।

एकल विधाएं—
वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला) एवं पारंपरिक वेशभूषा।
लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला और कविता लेखन के विजेता प्रतिभागी नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

आकर्षक पुरस्कार राशि
दलीय विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 20 हजार रुपये, द्वितीय को 15 हजार रुपये और तृतीय स्थान को 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
वहीं, एकल विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रत्येक प्रतिभागी को 1 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

सांस्कृतिक संध्याओं से सजेगा महोत्सव
महोत्सव के दौरान प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिलेगा।
23 दिसंबर को शाम 5 से 8 बजे तक आरूग बैंड (अनुज शर्मा) की प्रस्तुति एवं नारायणपुर के प्रसिद्ध मल्लखंब कलाकारों का प्रदर्शन होगा।
इसी दिन रात साढ़े 8 बजे बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित अन्य कवि शिरकत करेंगे।
24 दिसंबर को काफिला बैंड और स्वप्निल लाइव बैंड की प्रस्तुति होगी।
25 दिसंबर को समापन दिवस पर आरू साहू एवं दायरा (बस्तर) बैंड अपनी प्रस्तुति देंगे।
समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More