"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जनपद पंचायत अकलतरा में 46.58 करोड़ रुपये के मनरेगा लेबर बजट का अनुमोदन

जल संरक्षण, कृषि एवं आजीविका आधारित कार्यों को दी गई प्राथमिकता

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले की जनपद पंचायत अकलतरा के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा लेबर बजट को लेकर ग्रामसभा की व्यापक एवं महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में ग्रामसभा सदस्यों की उपस्थिति में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

सभी ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव पारित होने के पश्चात जनपद पंचायत अकलतरा द्वारा कुल 46.58 करोड़ रुपये के लेबर बजट प्रस्ताव को सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया।
यह ग्रामसभाएं कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित की गईं। बैठक में पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न विकास एवं जनहितकारी कार्यों को ग्रामसभा के समक्ष रखा गया।
इन कार्यों को मिली प्राथमिकता
ग्रामसभाओं में जल संरक्षण एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों को विशेष महत्व दिया गया। इनमें— डबरी निर्माण, तालाब गहरीकरण, कुआं निर्माण, मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय निर्माण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) गोदाम निर्माण, पशुपालन हेतु पक्का प्लेटफॉर्म एवं शेड निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

ग्रामसभा में इन कार्यों की आवश्यकता, उपयोगिता एवं ग्राम के दीर्घकालीन विकास में इनके योगदान पर विस्तृत चर्चा की गई।
रोजगार और स्थायी परिसंपत्तियों को मिलेगा बढ़ावा
ग्राम सदस्यों ने कहा कि प्रस्तावित कार्यों से न केवल ग्रामों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण होगा, बल्कि मनरेगा के माध्यम से स्थानीय श्रमिकों को रोजगार के पर्याप्त अवसर भी प्राप्त होंगे। जल संरक्षण से कृषि एवं पशुपालन को मजबूती मिलेगी, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर एवं स्वच्छता में सुधार आएगा।
विस्तृत चर्चा एवं सहमति के पश्चात सभी प्रस्तावों को ग्रामसभा द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक के दौरान ग्राम पंचायत सचिव द्वारा प्रस्तावों का विधिवत वाचन कर कार्यवाही पंजी में दर्ज किया गया।
ग्रामसभा की यह प्रक्रिया पंचायत स्तर पर लोकतांत्रिक सहभागिता, पारदर्शिता एवं योजनाबद्ध विकास का सशक्त उदाहरण बनी। इस अवसर पर ग्रामवासी, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More