"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नव वर्ष पर जांजगीर-चांपा जिले में कड़े सुरक्षा इंतजाम, पुलिस ने की व्यापक तैयारी

KPN24:- नव वर्ष के अवसर पर जिले में शांति, कानून व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में 31 दिसंबर 2025 की संध्या से ही जिलेभर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

पुलिस प्रशासन द्वारा जिले के सभी प्रमुख स्थानों, बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं पर्यटन/पिकनिक स्पॉट्स पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। केराझरिया, कुदरी बैराज, देवरी-चिचोली, डोंगाघाट (चांपा), कोटमीसोनार, शिवरीनारायण, नैला, खोखरा-पीथमपुर सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही थाना एवं चौकी क्षेत्रांतर्गत चौक-चौराहों तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर फिक्स पॉइंट ड्यूटी लगाई जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी
संवेदनशील इलाकों में निरंतर गश्त की व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गई है तथा आवश्यकता पड़ने पर मार्ग परिवर्तन भी लागू किए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।
नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति, स्टंटबाजी, हुड़दंग, सड़क पर केक काटने, अवैध रूप से डीजे बजाने जैसे कृत्यों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल एवं रिस्पॉन्स टीमों की भी तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम एवं डायल 112 को सक्रिय रखा गया है।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर 94791-93199 पर दें।
नव वर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस की विशेष अपील
🚫 नशे में वाहन न चलाएं (शराब/अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद ड्राइविंग न करें)
🚫 तेज रफ्तार व स्टंटबाजी से बचें
🚫 हुल्लड़बाजी, झगड़ा या सार्वजनिक शांति भंग न करें
🚫 अवैध हथियार, पटाखे या खतरनाक सामग्री का उपयोग न करें
🚫 सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय व्यवहार न करें
🚫 ध्वनि प्रदूषण फैलाने से बचें (तेज डीजे/हॉर्न)
🚫 यातायात नियमों का पालन करें
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है ताकि नव वर्ष का स्वागत सुरक्षित, जिम्मेदार और खुशहाल तरीके से किया जा सके।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More