
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में अवैध धान भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व विभाग एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम कटौद में निरीक्षण कर अवैध रूप से संग्रहित धान पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान टीम ने पहारु ट्रेडर्स के परिसर से 50 कट्टी तथा कश्यप ट्रेडर्स से 60 कट्टी, इस प्रकार कुल 110 कट्टी धान का अवैध भंडारण पाए जाने पर मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई की। जब्त धान को नियमानुसार सुरक्षित रखा गया है तथा संबंधित प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के अवैध भंडारण, कोचिया एवं बिचौलिया गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को सतत निगरानी, आकस्मिक निरीक्षण एवं ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों एवं किसानों से भी अपील की है कि वे अवैध धान भंडारण अथवा अनियमितताओं की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।










