
इंदौर के बड़े हादसे के बाद भी नहीं टूटी सुस्ती
मनीष विद्यार्थी खरगोन |
KPN24:- देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दूषित पेयजल के कारण अब तक 15 लोगों की मौत की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। बावजूद इसके, खरगोन जिला मुख्यालय पर हालात चिंताजनक बने हुए हैं। शहर के कई वार्डों में आज भी खुलेआम नालियों से होकर घरों तक पेयजल पाइपलाइन पहुंचती देखी जा सकती है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
एक ओर जहां जिला कलेक्टर द्वारा रविवार को शहर के कुछ क्षेत्रों का भ्रमण कर पेयजल पाइपलाइन की टूट-फूट दुरुस्त करने तथा पानी के सैंपल लेकर जांच के निर्देश दिए गए, वहीं दूसरी ओर घनी आबादी वाले इलाकों में नालियों से गुजर रही पाइपलाइनों की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पुरानी पाइपलाइन बन रही खतरे की वजह
संजय नगर और इंदिरा नगर बस्ती के रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में बिछी पाइपलाइन काफी पुरानी हो चुकी है। जगह-जगह टूट-फूट और लीकेज के कारण नालियों व चेंबरों का दूषित पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है, जिससे वही पानी घरों तक पहुंच रहा है।
इंदौर की घटना सामने आने के बाद अब यहां के लोगों को भी अपनी और अपने परिवार की सेहत की चिंता सताने लगी है।
हालांकि नगर पालिका द्वारा जेएमसी कंपनी के माध्यम से नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया है, लेकिन वर्तमान में पेयजल सप्लाई अब भी पुरानी लाइनों से ही की जा रही है।
19 चेक प्वाइंट बनाकर चल रहा सुधार अभियान
नगर पालिका के अनुसार शहर की पुरानी बस्तियों में ड्रेनेज और पेयजल पाइपलाइन की समस्या अधिक है। इसे देखते हुए नगर पालिका ने 19 चेक प्वाइंट बनाए हैं, जहां दुरुस्तीकरण और सुधार का कार्य दिन-रात किया जा रहा है।
हर दिन लिए जा रहे पानी के सैंपल
सतर्कता के तहत नगर पालिका द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों से लगातार पानी के सैंपल लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जा रही है। औसतन प्रतिदिन 30 से 35 सैंपल लिए जा रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके।
क्या बोले जिम्मेदार
नगर पालिका इस मामले में पहले दिन से ही गंभीर और सतर्क है। लगातार पुरानी बसाहट वाले वार्डों में जांच और सुधार कार्य चल रहा है। नगर पालिका द्वारा नियमित रूप से पानी के सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है। अभी तक किसी भी वार्ड में पानी की जांच में टीडीएस बढ़ा हुआ नहीं पाया गया है। फिर भी नगर पालिका पूरी तरह सतर्कता बरत रही है।
कमला कौल, सीएमओ, नगर पालिका खरगोन










