"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

चावल निर्यातकों को बड़ी सौगात, मंडी शुल्क में छूट की अवधि एक साल बढ़ी

इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बड़ी घोषणा

KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट में चावल निर्यातकों को बड़ी राहत देते हुए मंडी शुल्क में छूट की अवधि एक वर्ष बढ़ाने की घोषणा की। इस फैसले से राज्य के चावल निर्यातकों के साथ-साथ किसानों को भी सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के क्षेत्रीय कार्यालय का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऑर्गेनिक उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है और दंतेवाड़ा क्षेत्र में ऑर्गेनिक चावल की खेती को और अधिक प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
छत्तीसगढ़ से चावल निर्यात को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट का यह दूसरा संस्करण प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। समिट में 12 देशों के अंतरराष्ट्रीय बायर्स और 6 देशों के दूतावास प्रतिनिधिमंडलों की भागीदारी से छत्तीसगढ़ को वैश्विक पहचान मिलेगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ की धरती पर पधारे सभी विदेशी मेहमानों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को “धान का कटोरा” यूं ही नहीं कहा जाता। यह प्रदेश हजारों किस्म की धान प्रजातियों के लिए जाना जाता है। सरगुजा अंचल के सुगंधित जीराफूल और दुबराज चावल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनकी खुशबू ही इनकी पहचान है।
उन्होंने बताया कि चावल निर्यातक लंबे समय से मंडी शुल्क में छूट की मांग कर रहे थे। पिछले वर्ष भी सरकार द्वारा यह छूट दी गई थी, जिसकी अवधि दिसंबर 2025 में समाप्त हो रही थी, जिसे अब एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है।
छत्तीसगढ़ से 90 देशों को हो रहा करीब एक लाख टन चावल का निर्यात
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे चावल प्रसंस्करण और निर्यात को मजबूती मिलेगी। वर्तमान में छत्तीसगढ़ से लगभग 90 देशों को करीब एक लाख टन चावल का निर्यात किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी कर रही है। बीते वर्ष 149 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी और इस वर्ष इसमें और वृद्धि की संभावना है। मुख्यमंत्री ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी।


मुख्यमंत्री ने चावल पर केंद्रित प्रदर्शनी का किया अवलोकन
इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने चावल पर आधारित प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न किस्मों के चावल, क्षेत्र विशेष की प्रजातियों, आधुनिक तकनीक और नवाचारों के माध्यम से उत्पादकता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने शासकीय स्टॉलों का भी अवलोकन कर चावल उत्पादन एवं विपणन को प्रोत्साहित करने वाले प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाएंगे।
ये रहे उपस्थित प्रमुख अतिथि
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, एपीडा चेयरमैन अभिषेक देव, छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कांतीलाल, राम गर्ग सहित देशभर से आए राइस मिलर्स, चावल व्यवसायी और अन्य स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More