
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित नल-जल योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर श्री महोबे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के सभी कार्य शासन द्वारा निर्धारित नियमों, प्रावधानों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत चयनित ग्रामों में आगामी मार्च माह तक पेयजल आपूर्ति प्रारंभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर ग्रामीणों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी आदित्य प्रताप ने एजेंडा अनुसार जल जीवन मिशन की प्रगति, लंबित कार्यों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह, अपर कलेक्टर आर. के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के सदस्यगण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।










