
वारदात के चंद दिनों में आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल व नगदी बरामद
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह घटना थाना मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसा मेन रोड की है, जहाँ लूट की गंभीर वारदात को अंजाम दिया गया था।
घटना का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 8.30 बजे, ग्राम खपरी निवासी वीरू कुर्रे अपने चचेरे भाई संतकुमार कुर्रे के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कोसा में नवल सिंह के घर के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौच एवं मारपीट करते हुए उनसे ₹3500 नगद एवं दो मोबाइल फोन लूट लिए।
पीड़ितों की रिपोर्ट पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 26/2026 के तहत धारा 126(2), 309(4), 296, 115(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना मुलमुला पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम कोसा निवासी विकास भंडारी उर्फ चकरी (20 वर्ष) को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने लूट की घटना को स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से ₹500 नगद एवं ओप्पो तथा सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन जप्त किए गए। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अन्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक पारस पटेल (थाना प्रभारी मुलमुला), ASI प्रमोद महार, आरक्षक फुलेश्वर सिदार, प्रधान आरक्षक सितेश यादव एवं आरक्षक अनिल अजगल्ले का विशेष योगदान रहा।










