"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

रायपुर साहित्य उत्सव 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद, व्यवस्थाओं को लेकर हुई समीक्षा बैठक

नवा रायपुर स्थित संवाद भवन में रायपुर साहित्य उत्सव आयोजन समिति की बैठक आयोजित
पुरखौती मुक्तांगन में 23 से 25 जनवरी तक आयोजित होगा तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव

KPN24:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रायपुर साहित्य उत्सव 2026 के रूप में शब्दों, विचारों और रचनात्मक संवाद का एक भव्य आयोजन आकार ले रहा है। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से नवा रायपुर स्थित संवाद भवन में रायपुर साहित्य उत्सव आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उत्सव से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं और कार्यक्रम रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
आयोजन की रूपरेखा पर हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान साहित्यिक सत्रों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, अतिथियों की सहभागिता, पुस्तक विमोचन, प्रचार-प्रसार और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की बौद्धिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि नवा रायपुर अटल नगर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में 23 से 25 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
देशभर के साहित्यकार और विचारक होंगे शामिल
रायपुर साहित्य उत्सव 2026 में देशभर से प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि, लेखक, पत्रकार, विचारक एवं युवा रचनाकार भाग लेंगे। उत्सव के दौरान साहित्यिक संवाद, विचार-मंथन, कविता पाठ, पुस्तक विमोचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं कला प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही एक विशाल पुस्तक मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें देश के प्रमुख और ख्यातिनाम प्रकाशन समूह भाग लेंगे।
पुरखौती मुक्तांगन बनेगा साहित्य और संस्कृति का केंद्र
उत्सव स्थल पुरखौती मुक्तांगन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जहाँ पारंपरिक संस्कृति और समकालीन साहित्यिक अभिव्यक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन स्थल को साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के अनुरूप सजाया जाएगा।
राष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ता रायपुर साहित्य उत्सव
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि रायपुर साहित्य उत्सव 2026 को देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। यह आयोजन लेखकों, पाठकों और विचारकों को जोड़ने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक छवि को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त करेगा।
आयोजन से जुड़ी विस्तृत कार्यक्रम-सारणी और अतिथियों की सूची शीघ्र ही सार्वजनिक की जाएगी।
बैठक में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शंशाक शर्मा, जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विश्वरंजन, अपर संचालक जनसंपर्क उमेश मिश्रा तथा आलोक देव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे और सफल आयोजन को लेकर मार्गदर्शन दिया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More