
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में धान एवं चावल के अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं पर करारा प्रहार किया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करोड़ों रुपए मूल्य का धान-चावल और परिवहन में प्रयुक्त ट्रक जब्त किया है।
जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने बताया कि 17 जनवरी को केरा स्थित राइस मिल से चावल के अवैध परिवहन की सूचना पर नवागढ़ के राछा चौक में ट्रक क्रमांक CG 11 BK 7802 को रोका गया। जांच में ट्रक में 580 बोरा चावल (290 क्विंटल) पाया गया, जिस पर विष्णु एग्रो मिलिंग इंडस्ट्रीज, सेमरा का टैग लगा था। चालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के उल्लंघन में ट्रक सहित चावल जब्त किया गया। जब्त ट्रक की अनुमानित कीमत 18 लाख रुपए एवं चावल की कीमत 8.70 लाख रुपए बताई गई है।
इसी दिन सेमरा स्थित विष्णु एग्रो मिलिंग इंडस्ट्रीज की जांच में दस्तावेजों में गंभीर अनियमितता एवं स्टॉक में भारी गड़बड़ी सामने आई। इस पर मिल प्रोपराइटर पंकज देवांगन के कब्जे से 92,607 बोरा धान (37,042.80 क्विंटल), अनुमानित मूल्य 8.51 करोड़ रुपए, जब्त किया गया।
प्रकरण से जुड़े होने पर 18 जनवरी 2026 को केरा स्थित स्वस्तिक राइस मिल की भी जांच की गई। जांच में घोषित स्टॉक से 278 क्विंटल धान कम पाया गया और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके चलते मिल पार्टनर अनुभव देवांगन के कब्जे से 62,325 बोरा धान (24,930 क्विंटल) अनुमानित मूल्य 5.73 करोड़ रुपए तथा 50 क्विंटल चावल अनुमानित मूल्य 1.50 लाख रुपए जब्त किया गया।
सभी मामलों में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट किया है कि जिले में धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। इसके लिए उड़नदस्ता टीम द्वारा लगातार निगरानी और छापेमारी जारी रहेगी।










