
जनप्रतिनिधियों व मीडिया के सुझावों से महोत्सव को मिलेगा व्यापक स्वरूप
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में प्रस्तावित जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 को सफल, सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं अधिकतम जनसहभागिता से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह तीन दिवसीय आयोजन 11 से 13 फरवरी 2026 तक सम्पन्न होगा।
बैठक में जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने आयोजन को और अधिक प्रभावी, आकर्षक एवं जनोन्मुखी बनाने हेतु अपने-अपने सुझाव रखे। जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव के अंतर्गत क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को विशेष रूप से प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकारों, लोक नृत्य, लोक गायन एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों को मंच प्रदान किया जाएगा।
वहीं एग्रीटेक कृषि मेला को किसानों के लिए आधुनिक तकनीक, नवीन जानकारी एवं प्रत्यक्ष लाभ का सशक्त माध्यम बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। मेले में उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक कृषि यंत्र, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य तथा शासन की कृषक हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में महोत्सव एवं कृषि मेला पर आधारित स्मारिका “जाज्वल्या” के प्रकाशन पर भी विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर श्री महोबे ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय, समयबद्ध तैयारी एवं सुदृढ़ प्रबंधन के साथ आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के निर्देश दिए।










