
KPN24:- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जांजगीर-चांपा जिले में 25 जनवरी 2026 को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह जिला एवं समस्त मतदान केन्द्र स्तर पर आयोजित किया जाएगा। वर्ष 2026 के लिए आयोग द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “मेरा भारत, मेरा वोट” निर्धारित की गई है।
जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाता दिवस के आयोजन हेतु सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) को निर्देशित किया गया है। इस अवसर पर बी.एल.ओ. द्वारा नव पंजीकृत मतदाताओं को ईपिक कार्ड प्रदान कर, “मतदाता बनने पर हमें है गर्व, वोट देने को हम तैयार” नारे वाले बैज पहनाकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उपस्थित मतदाताओं को मतदाता शपथ भी दिलाई जाएगी।
जिला स्तरीय समारोह कलेक्टोरेट में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह-2026 का आयोजन कलेक्टोरेट सभाकक्ष, जांजगीर में प्रातः 11 बजे से किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जांजगीर-चांपा शक्ति सिंह राजपूत होंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में—
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण मिश्रा सचिव/वरिष्ठ न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार कुशवाहा उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, वन मण्डलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, सीईओ जिला पंचायत गोकूल रावटे एवं अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
उत्कृष्ट बी.एल.ओ. होंगे सम्मानित
समारोह के दौरान जिले की प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन-तीन बी.एल.ओ. को प्रशस्ति पत्र एवं ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जन्मेजय महोबे ने जिले के समस्त युवा विद्यार्थियों एवं मतदाताओं से अपील की है कि वे राष्ट्रीय भावना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह-2026 में स्व-प्रेरित होकर उपस्थित हों।










