
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत ने दिलाई निर्भीक मतदान की शपथ
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में लोकतंत्र की मजबूती और मतदाता की सर्वोच्च भूमिका को रेखांकित करता 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की थीम रही — “मेरा भारत, मेरा वोट”, जिसने नागरिकों को उनके संवैधानिक कर्तव्यों की याद दिलाई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जांजगीर-चांपा शक्ति सिंह राजपूत रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में चतुर्थ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश विजय अग्रवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण मिश्रा एवं सचिव/वरिष्ठ न्यायाधीश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार कुशवाहा मंचासीन रहे।
“मतदान अधिकार नहीं, लोकतंत्र का आधार है”
मुख्य अतिथि शक्ति सिंह राजपूत ने उपस्थित नागरिकों, नव मतदाताओं एवं छात्र-छात्राओं को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की शपथ दिलाते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है।
उन्होंने सभी से अपील की कि धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से ऊपर उठकर प्रत्येक चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करें और संविधान की मर्यादा बनाए रखें।
उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे संविधान की मूल भावना को समझें, उसे अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
युवा ही हैं कल के लोकतंत्र के प्रहरी
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जन्मेजय महोबे ने कहा कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी, जो विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने नवपंजीकृत मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि आज का युवा मतदाता ही कल का सशक्त लोकतंत्र गढ़ेगा।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने भी मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जागरूक मतदाता ही निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव की गारंटी है।
जिलेभर में मतदाता दिवस की गूंज
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों एवं मतदान केंद्रों पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह आयोजित किए गए। इस अवसर पर मतदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया गया तथा “मेरा भारत, मेरा वोट — भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में भारतीय नागरिक” टैगलाइन पर आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।
कार्यक्रम में महाविद्यालयों, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड के स्वयंसेवक, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
एसआईआर-2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ सम्मान की कतार में
निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026, अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के अंतर्गत उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को कार्यक्रम के दौरान प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित बीएलओ —
अकलतरा विधानसभा (33)
अमलीपाली – शिवकुमार सिंह | पहरिया – सुरेश कुमार डहरिया | नवागांव – प्रवीण कुमार सिंह
जांजगीर-चांपा विधानसभा (34)
चांपा नपा परिषद – सोमनाथ पाण्डेय | मुनुन्द – श्रीमती रत्ना जायसवाल | नवागढ़ – नंदकुमार यादव
पामगढ़ विधानसभा (38)
सिल्ली – कृष्ण कुमार राठौर | लोहर्सी – सोमेक्ष कुमार टण्डन | खोरसी – असलम रजा










