"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जांजगीर जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

बम निरोधक दस्ता और पुलिस ने की सघन तलाशी, न्यायालय परिसर पूरी तरह सुरक्षित

KPN24:- जांजगीर जिला न्यायालय को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार को प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में तत्काल हाई अलर्ट घोषित कर सुरक्षा व्यवस्था को सक्रिय किया गया।
संभावित खतरे को देखते हुए जिले की स्कॉट टीम एवं बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) को तत्काल जिला न्यायालय परिसर में तैनात किया गया।
CSP जांजगीर श्रीमती योगिता बाली खापर्डे एवं थाना प्रभारी जांजगीर जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में न्यायालय परिसर की सघन और बारीकी से तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान न्यायालय भवन के भीतर, आसपास के क्षेत्र, पार्किंग स्थल, प्रवेश-निकास द्वार तथा आम नागरिकों और कर्मचारियों की आवाजाही वाले सभी संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई। साथ ही न्यायालय में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन चेकिंग की गई, ताकि किसी भी प्रकार की चूक की संभावना न रहे।
बम निरोधक दस्ते की जांच में कोई विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई, जिसके बाद न्यायालय परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया। इस कार्रवाई से अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जांजगीर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है तथा साइबर साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान के लिए विवेचना लगातार जारी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More