
KPN24:- जिला जांजगीर-चांपा के शिवरीनारायण में आयोजित ऐतिहासिक एवं धार्मिक मेले में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रहा है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक और कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।
🔹 पुलिस टीम द्वारा लगातार पैदल पेट्रोलिंग एवं रात्रिकालीन गश्त की जा रही है। मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
🔹 अपराधों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाते हुए पुलिस ने हजारों युवकों से ऐसे स्टील के कड़े उतरवाकर जब्त किए, जिनका उपयोग संभावित रूप से हमलों या झगड़े में किया जा सकता था। इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा है।
🔹 बुलेट एवं अन्य दोपहिया वाहनों में प्रेशर हॉर्न व मोडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। मौके पर ही अवैध साइलेंसर हटाए गए और नियम उल्लंघन करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
🔹 शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है। ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से लगातार जांच की जा रही है। शराबी वाहन चालक पाए जाने पर वाहनों को जब्त कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
महिला व बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि महिलाएं अत्यधिक कीमती आभूषण पहनकर मेले में न आएं। आवश्यक होने पर गहनों को सुरक्षित रूप से कपड़ों में आलपिन से लगाकर रखें, जिससे चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं से बचा जा सके।
छोटे बच्चों की सुरक्षा हेतु अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि वे बच्चों की जेब में माता-पिता का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर लिखकर रखें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बच्चों को गोद में या कंधे पर रखने की सलाह दी गई है।
यातायात व्यवस्था पर भी सख्ती
मेले एवं शहर क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर ठेले या दुकानों का सामान फैलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे सड़क पर अतिक्रमण न करें, जिससे श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही बाधित न हो।
सीसीटीवी और तकनीकी निगरानी से हर गतिविधि पर नजर
मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी ढिलाई के कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, अनुशासन एवं नियमों का पालन करते हुए मेला एवं मंदिर दर्शन करें तथा पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।
जिला पुलिस प्रशासन शिवरीनारायण मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।










