
KPN24:- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक महिला को पहले अमानवीय यातनाएं दी गईं और फिर उसकी ही सहेलियों ने बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। यह जघन्य वारदात मैनपुर ब्लॉक के शोभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गरीबा की है।
मृतका की पहचान सुमित्रा नेताम (37 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या सामाजिक बदनामी और चरित्र को लेकर लंबे समय से चली आ रही रंजिश का नतीजा है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिलाएं सुगतिन नेताम (36) और ईतवारिन बाई (46) सुमित्रा द्वारा गांव में उनके चरित्र को लेकर लगाए जा रहे आरोपों से नाराज थीं। इसी तनाव ने धीरे-धीरे खौफनाक रूप ले लिया।
मंगलवार दोपहर दोनों आरोपी सुमित्रा के घर पहुंचीं। आरोप है कि वहां सुमित्रा के साथ अत्यंत क्रूरता की गई। पहले उसे गंभीर शारीरिक यातनाएं दी गईं, फिर डंडों और लात-घूंसों से इस कदर हमला किया गया कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार होने की फिराक में थीं, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए देर रात दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रण में लिया और जांच शुरू की।
शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
शोभा थाना प्रभारी नकुल सिदार ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में बढ़ती असहिष्णुता और हिंसा की भयावह तस्वीर भी पेश करती है।










