
KPN24.com कोरबा, 28 फरवरी 2026
ऊर्जा उत्पादन की रीढ़ माने जाने वाले हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम में फरवरी माह भावनात्मक पलों का साक्षी बना, जब अधीक्षण अभियंता आनंद स्वरूप ओझा सहित तीन अनुभवी कर्मचारी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए। पावर कंपनी परिवार ने अपने इन कर्मयोगियों को गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी।
सेवानिवृत्त होने वालों में अधीक्षण अभियंता आनंद स्वरूप ओझा के साथ कनिष्ठ पर्यवेक्षक राकेश नितिन सिंह, गोवर्धन रावत और घनश्याम साहू शामिल हैं। इन सभी ने 36 से 43 वर्षों तक अपनी निष्ठा, मेहनत और तकनीकी दक्षता से संयंत्र की कार्यक्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
समारोह की अध्यक्षता मुख्य अभियंता एच.के. सिंह ने की
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “ऐसे समर्पित अधिकारी-कर्मचारी किसी भी संस्था की असली पूंजी होते हैं। इनकी सेवाएं सदैव प्रेरणा देती रहेंगी।” इस अवसर पर उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृतिचिह्न और सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. पांडे, के.एन.बी. राव, पी.के. जोशी, ए.के. शाह, एस.सी. पाठक, एस.के. नायर, परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या तथा वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ ए.के. कुरनाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रम कल्याण केंद्र (जूनियर क्लब) में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में सभी अतिथियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखमय और सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस भावुक क्षण में सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी अपने लंबे कार्यकाल की यादें साझा कीं और बताया कि कैसे एचटीपीएस उनके लिए सिर्फ कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार रहा। कार्यक्रम का संचालन कल्याण अधिकारी सुरेश सिंह कंवर ने किया तथा सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का संक्षिप्त जीवन परिचय प्रस्तुत किया।
समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और परिजन उपस्थित रहे। तालियों की गूंज और सम्मान के शब्दों के बीच यह विदाई समारोह एक प्रेरक संदेश छोड़ गया—कि ईमानदारी और समर्पण से की गई सेवा कभी व्यर्थ नहीं जाती।










