
रायपुर में कान्यकुब्ज शिक्षा मंडल के होली मिलन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का किया सम्मान
KPN24.com रायपुर 15 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और यह समाज प्रदेश के विकास में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समाज के लोग शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।
राजधानी रायपुर स्थित आशीर्वाद भवन में आयोजित कान्यकुब्ज शिक्षा मंडल के होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार गोधन संरक्षण और गौसेवा को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। इसी दिशा में प्रदेश में गौधाम योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से गौधाम स्थापित किए जाएंगे, जहां बेसहारा और घुमंतू गौवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शासकीय भूमि पर स्थापित सभी गौधाम अब “सुरभि गौधाम” के नाम से जाने जाएंगे। इन गौधामों में पशुपालन, हरा चारा उत्पादन तथा गोबर से उपयोगी उत्पाद तैयार करने से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। इससे ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से विशेष संबंध है। यह माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल माना जाता है। राज्य सरकार की श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 42 हजार से अधिक रामभक्तों को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराए जा चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से बुजुर्गों को देश के विभिन्न तीर्थस्थलों का दर्शन कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा “बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026” की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत 28 लाख 42 हजार उपभोक्ताओं को 757 करोड़ रुपये से अधिक की राहत मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता मोर बिजली ऐप के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं और इसके लिए राज्यभर में समाधान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव तथा कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा सहित समाज के बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।










