"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

विश्व सायकल दिवस के अवसर पर निकाली गई तिरंगा सायकल रैली

KPN24 :- जांजगीर-चांपा जिले में फिट इंडिया अभियान ,पर्यावरण संरक्षण और सैनिकों को सम्मान देने विश्व सायकल दिवस के अवसर पर आज प्रातः 7 बजे तिरंगा सायकल रैली का आयोजन किया गया।यह रैली खेलो इंडिया सेंटर शासकीय ठाकुर छेदीलाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय जांजगीर से प्रारंभ होकर कचहरी चौक होते हुए खेलो इंडिया सेंटर शासकीय ठाकुर छेदीलाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में समाप्त हुई ।

रैली को नगर पालिका जांजगीर-नैला की अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में पूर्व विधायक अम्बेश जांगड़े, मोहन यादव, हितेश यादव, अमर सुल्तानिया, प्रवीण द्विवेदी, प्रदीप जोशी, खेल संघ के पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
पूर्व विधायक अम्बेश जांगड़े ने अपने संबोधन में कहा स्वस्थ शरीर के लिए योग, सैर और सायकलिंग जैसी गतिविधियाँ आवश्यक हैं। सायकल चलाने से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि बीपी, हाइपरटेंशन, मानसिक तनाव जैसी समस्याओं से भी बचाव होता है। नगर पालिका अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नागरिकों से नियमित रूप से सायकलिंग जैसे व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। इस अवसर पर गोपेश्वर कहरा ने सभी उपस्थितों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई, जबकि एस. एस. बघेल ने सभी सहभागीगणों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता दीपक यादव ने किया ।
उल्लेखनीय है कि सायकल चलाना न केवल एक उत्तम व्यायाम है, बल्कि यह हृदय, फेफड़ों एवं मांसपेशियों को सशक्त बनाता है। इसके माध्यम से मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकता है। साथ ही यह एक पर्यावरण अनुकूल साधन है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More