"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्चुअली शामिल हुए दिव्य शिव महापुराण कथा के समापन समारोह में

KPN24:- श्रावण मास के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड स्थित मयाली में आयोजित दिव्य शिव महापुराण कथा के समापन समारोह में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, रायपुर से ऑनलाइन जुड़े श्री साय ने इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन की सफलता पर महामधेश्वर धाम समिति को बधाई दी।

28 जुलाई से 4 अगस्त तक चला आयोजन,

अयोध्या के सुप्रसिद्ध कथावाचक पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। कथा स्थल मधेश्वर पहाड़, जिसे विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग माना जाता है, पर हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर शिव महापुराण की अमृतवाणी का श्रवण किया।

मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिव और शक्ति की उपासना छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक आत्मा में समाहित है। उन्होंने घोषणा की कि मधेश्वर महादेव धाम के विकास हेतु केंद्र सरकार से 10 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है, जिसका उपयोग तीव्र गति से अधोसंरचना विकास और श्रद्धालु सुविधाओं में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश के अन्य प्रमुख शिव स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबा भोरमदेव (कवर्धा), कुलेश्वर महादेव (राजिम), भूतेश्वर महादेव (गरियाबंद), लक्ष्मणेश्वर महादेव (खरौद) समेत अनेक स्थलों पर भगवान शिव विभिन्न स्वरूपों में विराजमान हैं। उन्होंने कहा कि “यह सम्पूर्ण प्रदेश शिवमय है।”

उन्होंने पाँच शक्तिपीठों के विकास के लिए शुरू की गई ‘शक्ति कॉरिडोर योजना’ की जानकारी भी साझा की, जिसमें डोंगरगढ़, रतनपुर, चंद्रपुर और दंतेवाड़ा के देवी मंदिरों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तीर्थ पर्यटन को नई दिशा मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 22,000 से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत प्रदेश के वृद्धजनों को देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं।

समारोह के समापन पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि बाबा भोलेनाथ की कृपा से छत्तीसगढ़ श्रद्धा, संस्कृति और विकास के समन्वय से एक नया धार्मिक और पर्यटन गंतव्य बनेगा। उन्होंने महामधेश्वर धाम समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More