
KPN24:- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। आज बीजापुर में ₹24 लाख के इनामी समेत कुल 9 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इसके अलावा, एक अन्य मुठभेड़ के दौरान एक माओवादी के मारे जाने की भी खबर सामने आई है।
पिछले कुछ महीनों से सुरक्षाबलों के लगातार दबाव और सरकार की पुनर्वास नीतियों के चलते नक्सलियों में आत्मसमर्पण की प्रवृत्ति तेज़ी से बढ़ी है। आंकड़ों पर नज़र डालें तो दिसंबर 2023 से अब तक प्रदेश में लगभग 450 माओवादी मारे गए, 1579 को गिरफ्तार किया गया और 1589 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। यह आँकड़े दर्शाते हैं कि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मौके पर कहा,
“हमारा छत्तीसगढ़ नक्सल उन्मूलन की ओर तेजी से बढ़ रहा है। यह सफलता सुरक्षाबलों के अदम्य साहस और माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी के कुशल नेतृत्व का परिणाम है।”
उन्होंने आगे कहा कि अमित शाह का कार्यकाल भारत की आंतरिक सुरक्षा के इतिहास में एक निर्णायक युग के रूप में देखा जा रहा है—चाहे वह अनुच्छेद 370 की समाप्ति हो या नक्सलवाद और आतंकवाद पर कठोर प्रहार का साहसी निर्णय।
मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि छत्तीसगढ़ सरकार 31 मार्च 2026 तक राज्य को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बदलते बस्तर की यह तस्वीर—जहाँ “बंदूकें झुक रही हैं और विकास बोल रहा है”—माननीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में ही संभव हो पा रही है।










