
KPN24 :- मुख्यमंत्री एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विष्णु देव साय की अध्यक्षता में गुरुवार, 07 अगस्त को जिला पंचायत सभाकक्ष में अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक की तैयारियों को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज जिला पंचायत पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला पंचायत परिसर में प्रवेश मार्ग, बैठक कक्ष की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बेरिकेडिंग, विद्युत आपूर्ति, सड़क की सफाई, प्रवेश और निकास बिंदुओं सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और व्यवस्थित रूप से पूर्ण की जाएं, ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर. के. तंबोली, श्रीमती आराध्या राहुल कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










