"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री की सादगी और स्नेह का दृश्य बना जनमानस के लिए प्रेरणा – नन्ही सृष्टि को गोद में उठाकर रचा अपनत्व का अविस्मरणीय पल

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय में आज एक भावुक क्षण तब देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनसंपर्क के दौरान तीन वर्षीय मासूम बच्ची सृष्टि पांडेय को गोद में उठाकर स्नेहपूर्वक दुलारा। यह पल वहां उपस्थित लोगों के लिए न केवल मार्मिक था, बल्कि मुख्यमंत्री की सरलता, करुणा और मानवीय संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल भी बन गया।

ग्राम भडे़सर निवासी किसान योगेंद्र पांडेय अपनी पुत्री सृष्टि को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने विशेष रूप से हेलीपैड पहुंचे थे। मुख्यमंत्री जैसे ही वहां पहुंचे, उनकी नजर मासूम सृष्टि पर पड़ी। उन्होंने मुस्कराते हुए सृष्टि को गोद में उठाया और स्नेहपूर्वक उसे निहारा। मुख्यमंत्री से मिलकर सृष्टि की आंखों में जो खुशी और चमक दिखाई दी, उसने पूरे माहौल को आत्मीयता से भर दिया।

इस भावुक पल को याद करते हुए सृष्टि के पिता श्री योगेंद्र पांडेय ने कहा, “मुख्यमंत्री जी के आगमन की खबर सुनकर हमने तय किया कि अपनी बेटी को उनसे मिलवाएंगे। जब उन्होंने सृष्टि को गोद में उठाया, तो वह पल हमारे लिए एक सपना जैसा था। यह स्मृति हमारे पूरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बन गई है।”

बताया गया कि सुश्री सृष्टि वर्तमान में नर्सरी कक्षा की छात्रा हैं। उनका परिवार एक सामान्य कृषक परिवार है, जिसमें माता-पिता, दादा-दादी और सृष्टि स्वयं शामिल हैं। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार ने न केवल पांडेय परिवार, बल्कि वहां मौजूद हर व्यक्ति के हृदय को छू लिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का यह मानवीय पक्ष उनके नेतृत्व को विशेष बनाता है – एक ऐसा नेता जो न केवल योजनाओं और विकास की भाषा समझता है, बल्कि संवेदना और अपनत्व की भावना से लोगों को जोड़ता है। आज का यह क्षण आने वाले समय में जनसेवा की परिभाषा को नई ऊंचाई देगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More