
KPN24:- जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज जिला कार्यालय में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना वर्ष को रजत जयंती महोत्सव के रूप में भव्य एवं सार्थक ढंग से मनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि यह महोत्सव प्रदेश की गौरवशाली यात्रा और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का अवसर है। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, उपलब्धियों के प्रदर्शन और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाने, अनुपयोगी सामग्री का निपटान करने एवं समय पर कार्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में कृषि और किसानों से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने खाद भंडारण एवं वितरण की समीक्षा करते हुए उप संचालक कृषि को बिक्री केन्द्रों का निरीक्षण करने और किसानों को पर्याप्त व गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। धान खरीदी की तैयारी की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी उपार्जन केन्द्रों पर किसानों की सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
श्री महोबे ने आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों में मीनू के अनुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने पर जोर दिया और कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की सतत मॉनिटरिंग कर पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सीमांकन, बटांकन और अन्य लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आरबीसी 6-4 के प्रकरणों का समय-सीमा में निपटारा किया जाए तथा लंबित मामलों का कैम्प कोर्ट लगाकर एक माह के भीतर समाधान किया जाए।
उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री में प्रगति लाने पर बल दिया। साथ ही आगामी बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह को गरिमामय ढंग से आयोजित करने की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










