"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बीजापुर में 30 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, बस्तर में शांति और विकास की ओर बढ़ता कदम

KPN24 :- छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल से नक्सलवाद कमजोर पड़ने की दिशा में एक और बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले में आज कुल 30 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वालों में 20 नक्सली ऐसे हैं जिन पर कुल 81 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

सरकार का मानना है कि यह सफलता राज्य की नवीन पुनर्वास नीति, ‘नियद नेल्ला नार’ योजना और सुरक्षा बलों की लगातार रणनीतिक कार्रवाई का परिणाम है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, “माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने बस्तर के लोगों का विश्वास जीता है। इसका ही परिणाम है कि माओवादी संगठन लगातार कमजोर हो रहे हैं और बड़ी संख्या में नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़ रहे हैं।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बस्तर तेजी से शांति और विकास की ओर अग्रसर है। राज्य की डबल इंजन सरकार मार्च 2026 तक देश को नक्सलमुक्त बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।

विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के वर्षों में नक्सलियों के बड़े स्तर पर आत्मसमर्पण और बस्तर क्षेत्र में बुनियादी विकास कार्यों के चलते नक्सलवाद की पकड़ कमजोर हो रही है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More