"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बाढ़ में बही पुस्तकें और खराब हुआ टेबलेट, पर नहीं रुकेगी पूनम की तैयारी – मुख्यमंत्री की पहल पर मिली नई किताबें और टेबलेट

KPN24:- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा की बाढ़ से प्रभावित छात्रा पूनम पटेल की प्रशासनिक अधिकारी बनने की राह अब और मजबूत हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जिला प्रशासन ने पूनम को प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें और नया टेबलेट उपलब्ध कराया है।

पूनम पटेल दंतेवाड़ा जिले के चूड़ीटिकरा पारा वार्ड की रहने वाली हैं और पिछले तीन वर्षों से यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। हाल ही में आई बाढ़ ने उनके घर को क्षतिग्रस्त कर दिया था। बाढ़ के पानी में उनकी सभी पुस्तकें बह गईं और तैयारी का सहारा बना टेबलेट भी खराब हो गया। पूनम ने बताया कि उनके पिता श्री संतोष पटेल किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बड़ी मुश्किल से बचत कर उन्होंने पढ़ाई के लिए टेबलेट खरीदा था, लेकिन बाढ़ में सब नष्ट हो जाने से पूनम की चिंता बढ़ गई थी।

आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दंतेवाड़ा पहुंचकर पूनम और उनके परिवार से मुलाकात की तथा हाल-चाल जाना। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तुरंत पूनम को नया टेबलेट और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक पुस्तकें प्रदान कीं।

इस मदद से पूनम को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से अब उनकी तैयारी में कोई रुकावट नहीं आएगी। पूनम ने प्रशासनिक अधिकारी बनने के अपने लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियाँ भी उनकी पढ़ाई की राह में बाधा नहीं बनेंगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More