"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

रेलवे परियोजना और विभागीय निर्माण कार्यों को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अहम बैठक

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा 5वीं एवं 6वीं रेल लाइन (278 किलोमीटर) के निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण के मामलों पर चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि इस परियोजना के तहत जिले के नवागढ़, बम्हनीडीह, शिवरीनारायण और पामगढ़ तहसीलों के कुल 28 गांवों की भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इनमें करनौद, तिवारीपारा, देवरी, लोहर्सी, खोरसी, हदहा, तनौद, कमरीद, कोढाभाट, भुइगांव, चुरतेला, खरखौद, खैराडीह, शुक्लाभाठा, ससहा, पेंड्री, बरगांव, किरीत, खैरताल, खपराडीह, तेंदुआ, तुलसी, गंगाजल, कटौद, कुरयारी, बेल्हा, कपिस्दा और कनकपुर शामिल हैं।

रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्राम खरौद और गोविंदा को प्रस्तावित अभिसरण (अलाइनमेंट) से बाहर कर दिया गया है। ऐसे में इन दोनों गांवों की जमीन की खरीदी-बिक्री पर अब कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा।

कलेक्टर महोबे ने कहा कि रेलवे जैसी राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं में विलंब न हो, इसके लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने और प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीडब्ल्यूडी, आरईएस, हाउसिंग बोर्ड, जल संसाधन, पीएमजीएसवाई, एनएचएआई सहित विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, सड़क व पुल निर्माण से जुड़े अवरोध दूर करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों की नियमित मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि जहां भी सड़कों पर गड्ढे या क्षतिग्रस्त हिस्से दिखाई दें, वहां तुरंत सुधार कार्य शुरू किया जाए, ताकि आमजन को यातायात में असुविधा न हो।

कलेक्टर ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को निर्देशित किया कि जिले में चल रहे निर्माण कार्यों और भूमि अधिग्रहण की प्रगति की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर सतत रूप से अपलोड की जाए।

बैठक में एडीएम ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, सभी एसडीएम, रेलवे और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More