"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी : मुख्यमंत्री श्री साय

KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिक्षक दिवस के अवसर पर आज मुख्यमंत्री निवास परिसर से मिशन अंतरिक्ष और प्रोजेक्ट जय विज्ञान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने भी स्कूली बच्चों से संवाद कर अपने अंतरिक्ष अनुभव साझा किए।

इस दौरान जिला प्रशासन रायपुर एवं इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड फाउंडेशन तथा जिला प्रशासन रायपुर एवं विज्ञान भारती के बीच दो महत्वपूर्ण समझौते हुए। इनसे बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान और उससे जुड़े विषयों की गहन जानकारी एवं अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश की ओर से ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का अभिनंदन करते हुए उनकी उपलब्धि को देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक सोच है, जो प्रश्न पूछने, तर्क करने और समाधान खोजने की क्षमता विकसित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोजेक्ट जय विज्ञान के तहत होने वाली कार्यशालाएँ, विज्ञान प्रदर्शनियाँ, प्रतियोगिताएँ और नवाचार परियोजनाएँ विद्यार्थियों को नई चीजें सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल छत्तीसगढ़ के बच्चों को केवल ज्ञान का उपभोक्ता नहीं, बल्कि नए विचारों और खोजों का सृजनकर्ता बनाएगी।

अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने मुख्यमंत्री के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान और शिक्षा को प्राथमिकता देने से बच्चों में नई ऊँचाइयाँ छूने की प्रेरणा उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपने अनुभव और अवसरों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाएँ।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार सिंह सहित प्रदेशभर से आए छात्र-छात्राएँ और शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More