
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभागवार कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को गंभीरता से लेकर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, जनहित के प्रकरणों और शिकायतों के निराकरण पर चर्चा हुई।
कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन योजना की मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित जांच की जाए। इसी तरह डिजिटल क्रॉप सर्वे को समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश राजस्व एवं कृषि विभाग को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सर्वे से किसानों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित होगा।
कलेक्टर ने ई-ऑफिस संचालन को गति देने और फाइलों के त्वरित निपटान पर जोर दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा करने को कहा। साथ ही, राजस्व अधिकारी मौके पर जाकर कार्य की निगरानी करें और हितग्राहियों को निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए प्रेरित करें।
पंचायत विभाग को महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत जल संरक्षण, पौधरोपण और सामुदायिक कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों को रोजगार के साथ पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों का संवर्धन मिलेगा।
बैठक में कलेक्टर ने आगामी बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा भी की और अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर योजना की जानकारी दी जाए और पात्र हितग्राहियों को जोड़ा जाए।
बैठक में खाद उपलब्धता, स्कूल मरम्मत, अग्निवीर प्रशिक्षण और छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने दोहराया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुँचे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर. के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










