
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। यह समारोह 18 एवं 19 सितम्बर को शहीद स्मारक परिसर कचहरी चौक जांजगीर एवं कृषि विज्ञान केन्द्र जांजगीर में आयोजित होगा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समारोह को गरिमामय रूप देने में कोई कमी न रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी, साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा।
समारोह में प्रतिभा सम्मान, विधिक संगोष्ठी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और विभागीय प्रदर्शनी जैसे विविध कार्यक्रम शामिल होंगे। इसके अलावा कृषि विज्ञान केन्द्र में कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खेती और फसल चक्र से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान करेंगे।










