"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मनरेगा से कुएं का निर्माण बना राहत का साधन, किसान रामनारायण के खेतों में लहलहा रही फसलें

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के विकासखंड नवागढ़ की ग्राम पंचायत दहिदा के किसान श्री रामनारायण की जिंदगी अब खुशहाल हो गई है। लंबे समय से पानी की किल्लत झेल रहे इस परिवार को मनरेगा योजना के तहत खेत में कुआं निर्माण से बड़ी राहत मिली है। अब उनके खेतों में फसलें लहलहा रही हैं और मवेशियों को भी पर्याप्त पानी मिल रहा है।

पहले स्थिति इतनी गंभीर थी कि रामनारायण के परिवार को खेती करना लगभग असंभव हो गया था। फसलें सूख रही थीं और घर-परिवार के लिए पानी दूर से लाना पड़ता था। ऐसे कठिन समय में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) उनके लिए वरदान साबित हुई।

वर्ष 2023-24 में ग्राम सभा से स्वीकृति मिलने के बाद 2.52 लाख रुपये की लागत से कुआं निर्माण कार्य कराया गया। इस दौरान 354 मानव दिवस का सृजन हुआ। कठिन मिट्टी और गहराई में चट्टानों जैसी चुनौतियों के बावजूद पंचायत, तकनीकी टीम और मजदूरों के सहयोग से कुआं सफलतापूर्वक तैयार हुआ।

आज कुएं के पानी से न केवल सिंचाई की सुविधा मिल रही है बल्कि घर-परिवार और पशुओं की जरूरतें भी पूरी हो रही हैं। रामनारायण की आमदनी बढ़ी है और जीवन स्तर में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि “पहले खेती करना मुश्किल था, अब कुएं की वजह से खेतों में हरियाली है और जीवन में सुख-शांति है।”

गांव के अन्य किसान भी इस कार्य से प्रेरित होकर कुआं निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। यह उदाहरण साबित करता है कि मनरेगा के तहत किए गए कार्य न केवल रोजगार सृजन में सहायक हैं, बल्कि जल संरक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मिसाल कायम कर रहे हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More