
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के चाम्पा जादू-टोना की शंका में अपने ही चाचा की बेरहमी से हत्या करने वाला आरोपी पुलिस की त्वरित कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने धारदार हसिया से गला रेतकर वारदात को अंजाम दिया और फरार होने की फिराक में था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त धारदार हसिया भी जब्त किया गया।
मामले का विवरण
प्रार्थी लक्ष्मण पाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पिता मृतक राम प्रसाद पाल (निवासी पीपल चौक, कोटाडबरी, चाम्पा) घर में अकेले रहते थे और पास के शिव मंदिर में पूजा-पाठ करते थे। मृतक का बड़ा भाई अजीत कुमार पाल (63 वर्ष, निवासी पाल मोहल्ला, पीपल चौक, कोटाडबरी) आए दिन उन पर जादू-टोना करने का आरोप लगाता था और धमकियां देता था।
दिनांक 21 सितंबर की शाम करीब 7 बजे प्रार्थी की नाबालिग बेटी ने देखा कि उसके बड़े पापा अजीत पाल, दादा राम प्रसाद पाल के साथ मारपीट कर रहे हैं और धारदार हसिया से वार कर रहे हैं। इस पर प्रार्थी जब मौके पर पहुंचा तो उसके पिता लहूलुहान अवस्था में सड़क पर पड़े थे। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हत्या की गंभीर वारदात की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और SDOP चाम्पा यदुमणी सिदार ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित कर दबिश दी गई। आरोपी घर से फरार मिला, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने PIL प्लांट के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह मृतक को जादू-टोना करने का दोषी मानता था और इसी कारण गला रेतकर हत्या की। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयुक्त धारदार हसिया जब्त कर लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी चाम्पा, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक अमृत सलूजा, नरसिंह वर्मन, अजय चतुर्वेदी, शंकर राजपूत, मुद्रिका दुबे, आकाश कालोसिया, जय उरांव और भूपेंद्र राठौर की विशेष भूमिका रही।










