
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में अधूरे पड़े विकास कार्यों को लेकर आज कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया, गुस्से से भरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डोंगा-कोहरौद से लाहौद रोड, शिवरीनारायण-खैरताल मार्ग के नवीनीकरण और ढाबाडीह-कोशिर के बीच लीलागर नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान माहौल गर्माता गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इलाके की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है, और लीलागर नदी पर पुल नहीं बनने से ग्रामीणों को रोजाना जान जोखिम में डालनी पड़ रही है।
कांग्रेस का आरोप है कि बार-बार निवेदन और ज्ञापन देने के बाद भी सरकार और प्रशासन सिर्फ कागजी कार्रवाई कर रहे हैं, ज़मीन पर काम का कोई अता-पता नहीं।
घेराव में पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंस, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह और जांजगीर विधायक व्यास कश्यप समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।
नेताओं ने कड़ी चेतावनी दी —
“अगर जल्द ही सड़क और पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो कांग्रेस सड़क से विधानसभा तक आंदोलन करेगी।”
इस दौरान मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कांग्रेस प्रतिनिधियों से चर्चा कर आश्वासन दिया कि कार्यवाही जल्द शुरू की जाएगी।
हालांकि कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा — “अब जनता सिर्फ आश्वासन नहीं, कार्रवाई चाहती है। अगर वादे टूटे, तो अगली बार यह घेराव नहीं, जनआंदोलन होगा।”










