
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश एवं खनि अधिकारी अनिल कुमार साहू के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है।
खनिज निरीक्षक आर.एल. राजपूत के नेतृत्व में गठित दल द्वारा बम्हनीडीह, खपरीडीह, केराकछार–पंतोरा और शिवरीनारायण क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए कुल 16 वाहन (15 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी) जब्त किए गए।
खनिज अधिकारी अनिल साहू ने बताया कि—
“बम्हनीडीह और खपरीडीह क्षेत्र से 6 ट्रैक्टर तथा केराकछार–पंतोरा क्षेत्र से 6 ट्रैक्टरों के विरुद्ध कुल 12 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें से 6 वाहनों को कलेक्टर परिसर जांजगीर तथा 6 वाहनों को पंतोरा थाना में सुरक्षा हेतु रखा गया है।”
वहीं शिवरीनारायण क्षेत्र में पुलिस सहयोग से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त 1 जेसीबी और 3 ट्रैक्टर को भी जप्त किया गया है। सभी वाहनों को पुलिस थाना शिवरीनारायण में सुरक्षित रखा गया है।
अवैध खननकर्ताओं, परिवहनकर्ताओं एवं भंडारणकर्ताओं के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी को वाहनों के लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि—
“खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए सतत अभियान चलाया जाएगा। प्राप्त शिकायतों पर जिला स्तरीय टास्क फोर्स और खनिज अमला द्वारा लगातार जांच एवं कार्रवाई जारी है।”










